जमालपुर। ओइनवा गांव में शनिवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला फंदे से लटक गई। महिला की रविवार की सुबह निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बलिया निवासी अनिता की शादी जमालपुर थाना क्षेत्र के ओइनवा गंव में विजेंद्र कुमार गोड़ से हुई थी। शनिवार की रात को महिला कमरे मे बड़ेर पर रस्सी के सहारे फंदे पर लटक गई। उसे फंदे पर लटकता देख परिजन उतारकर वाराणसी के निजी अस्पताल में ले गए। जहां उपचार के दौरान रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। महिला ने फार्मासिस्ट का कोर्स भी किया था। अपने फार्मासिस्ट पति के साथ ओइनवा चट्टी पर प्राइवेट चिकित्सालय का संचालन करती थी। उसे छह वर्ष का एक पुत्र है। थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मायके वालों को सूचना दे दी गई है। अगर वे लोग तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।