मिर्जापुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हेड कांस्टेबल समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस बीच तीनों की मौत लू लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। लालगंज थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाने पर मौत हो गई। हलिया थाना क्षेत्र के नदना गांव में एक युवक की मौत हो गई है। चुनार थाना क्षेत्र कुबा खुर्द तरंगा में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
गाजीपुर जनपद के गोरा बाजार निवासी हरीश कुमार पुत्र सहदेव राम हेड कांस्टेबल के पद पर लालगंज थाने में तैनात थे। शनिवार को दोपहर में उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव तथा सहकर्मी तत्काल हरीश को सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हरीश कुमार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक हेड कांस्टेबल हरीश कुमार की मौत लू लगने से होने की बात बताई जा रही है। प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन तथा उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।