पूर्वांचल के 10 जिलों से 1952 से लेकर 2019 के लोकसभा चुनाव तक महज छह महिलाएं ही आठ बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद तक पहुंच पाई। पूर्वांचल में पहली बार आजमगढ़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस की मोहसिना किदवई वर्ष 1978 का उपचुनाव जीती थीं। फिर, छह वर्ष बाद 1984 में चंदौली लोकसभा क्षेत्र से दिग्गज कांग्रेसी रहे पंडित कमलापति त्रिपाठी की बहू चंद्रा त्रिपाठी ने कांग्रेस के सिंबल पर आम चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद वर्ष 1996 में दस्यु सुंदरी फूलन देवी मिर्जापुर लोकसभा सीट से सपा के सिंबल पर चुनाव जीतीं।
वर्ष 1999 का आम चुनाव फूलन देवी समाजवादी पार्टी के सिंबल पर पुनः मिर्जापुर से जीतीं। वर्ष 2014 के आम चुनाव हुए तो मिर्जापुर से अपना दल-एस की अनुप्रिया पटेल और लालगंज (सु.) लोकसभा सीट से भाजपा की नीलम सोनकर सांसद चुनी गईं। वर्ष 2019 के आम चुनाव में मिर्जापुर से एक बार फिर अनुप्रिया पटेल और लालगंज (सु.) सीट से बसपा की संगीता आजाद सांसद चुनी गईं।