क्षेत्र के भलदरिया स्थित जलप्रपात के पास पाही पर खेती करने गए एक वृद्ध पर बृहस्पतिवार की शाम को घेर कर भालुओ ने हमला कर दिया। इसमें वृद्ध किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। भालू के हमले से बचने के लिए किसान ने अचेत होने का नाटक कर लिया। मरा हुआ समझकर भालू उसे उसी हालत में छोड़कर चले गए। लगभग चार घंटे तक घायल अवस्था में किसान उसी तरह पड़ा रहा। जिससे उसकी जान बच सकी। भालूओं के चले जाने के बाद उसने मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी।
भलदरिया स्थित जलप्रपात के पास अमवां क्षेत्र में वृद्ध किसान राम दुलारे (65) पुत्र रामदास खेती करने गया हुआ था। इसी दौरान तीन भालुओं ने घेर कर उस पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रुप से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल किसान को बृहस्पतिवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।