हलिया। थाना क्षेत्र के उंटी गांव में एक नवंबर को दो पक्षों में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की रविवार की सुबह मौत हे गई। इसपर परिजनों ने अधेड़ के शव को हलिया ड्रमंडगंज मार्ग पर स्थित गड़बडा पुल पर रखकर मुकदमा दर्ज करने अैर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। सीओ लालगंज ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी का आश्वासन देकर तीन घंटे बाद जाम को समाप्त कराया।
हलिया थाना क्षेत्र के उंटी गांव निवासी रामचंद्र व हीरामनी गुप्ता के बीच एक नवंबर की सुबह भूमि विवाद को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान बचाव करने के लिए पहुंचे बचाऊ मौर्य (56) के सिर पर हीरामनी गुप्ता व उसके बेटे मनीष ने लाठी-डंडे, सरिया से वार कर घायल कर दिया। परिजन अधेड़ को लेकर मंडलीय चिकित्सालय गए। जहां हालत गंभीर देखकर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन चिकित्सकों ने अधेड़ को घर ले जोन की सलाह दी। शनिवार की रात में परिजन अधेड़ को लेकर घर आए। सुबह अधेड़ की मौत हो गई। मौत होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ शव को हलिया ड्रमंडगंज मार्ग गड़बडा पुल पर शव को रखकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंची हलिया पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उच्च अधिकारियों को बुलाने के मांग पर अड़े रहे। मौके पर एएसनी नक्सल महेश सिंह अत्रि, सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह ने परिजनों को मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बद परिजनों ने जाम को समाप्त किया। पुलिस ने अधेड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधेड़ के पुत्र बाबू लाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।