पटेहरा। विकास खण्ड क्षेत्र के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय राहकला के प्रधानाध्यापक की आईजीआरएस पर हुई शिकायत की जांच के बाद बीएसए गौतम प्रसाद ने उनको निलंबित कर दिया।
क्षेत्र के ही संदीप यादव ने आईजीआरएस पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ शिकायत की थी। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव ने पूरे प्रकरण की जांच की। बताया गया कि प्रधानाध्यापक फिरोज अहमद ने कभी ऑनलाइन अवकाश नहीं लिया। एमडीएम की कई दिनों की फीडिंग नहीं की गई थी। साथ ही हैंडवाशिंग व इंसीनरेटर के लिए विभाग की धनराशि का आहरण करने के बाद भी काम शुरू नहीं कराया गया। इस संबंध में जब उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया तो उन्होंने स्पष्टीकरण भी नहीं दिया। इस पर बीएसए गौतम प्रसाद ने उनको निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनको बीआरसी मड़िहान से अटैच किया गया है।