मिर्जापुर। क्वालिटी इश्योरेंस कार्यक्रम के तहत कायाकल्प अवार्ड योजना 2020-21 में जिले के चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अवार्ड मिला है। इसमें राजगढ़ सीएचसी को जिले में आठवां स्थान और तीन अन्य सीएचसी को सांत्वना पुरस्कार मिला है। कायाकल्प अवार्ड योजना में चार सीएचसी के पुरस्कृत होने पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व सीएमओ डॉ. पीडी गुप्ता ने बधाई दी।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि क्वालिटी इश्योरेंस कार्यक्रम के तहत कायाकल्प अवार्ड योजना में जिले के सीएचसी को शामिल किया गया था। सीएचसी का तीन चरणों में जिला, गैर जिला और प्रदेश की टीम आकर जांच करती है। टीम अस्पताल में उपचार, सफाई व अन्य व्यवस्थाओं की जांच कर नंबर देती है। 70 प्रतिशत से अधिक नंबर पाने वाले अस्पताल को पुरस्कृत किया जाता है। इसमें राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 88.3 अंक प्राप्त हुआ। सीएचसी को प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त हुआ। उसे प्ररस्कार स्वरूप एक लाख 50 हजार रुपये मिला है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर, चुनार व लालगंज को 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर सांत्वना पुरस्कार के रुप में एक लाख रुपये मिला है। इसमें अस्पताल के अधीक्षक, समस्त स्टाफ व जनपद की क्वालिटी इश्योरेंस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम से कारण जिले के अस्पतालों में गुणवत्ता परक सुविधाएं जैसे बायोमेडिकल वेस्ट, चिकित्सा प्रबंध, इंफेक्शन कंट्रोल प्रोटोकाल व मातृ व शिशु संबंधी स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई है। पुरस्कार की राशि का 25 प्रतिशत अस्पताल के स्टाफ को पुरस्कृत करने और 75 प्रतिशत राशि को अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर किया जाएगा।