ड्रमंडगंज। हलिया क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर महेशपुर मस्जिद के पास शुक्रवार की सुबह ट्रक व टैंकर के बीच हुई जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में टैंकर के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टैंकर चालक, ट्र्क चालक और खलासी घायल हो गए। मौके पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। जहां ट्रैंकर चालक को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक व खलासी की हालत गंभीर होने पर उनको मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया।
जौनपुर निवासी पंकज यादव (38) ज्वलनशील केमिकल लदा टैंकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था। भदोही जिले के सहसेपुर निवासी ट्रक चालक ओमप्रकाश (40) पुत्र माता प्रसाद, खलासी गब्बर यादव (36) पुत्र भोलानाथ यादव के साथ खाली ट्रक लेकर हनुमना की ओर जा रहा था। हलिया थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव स्थित मस्जिद के पास टैंकर और ट्रक की आमने-सामने जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। सूचना पर ड्रमंडगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त होने से ट्रैंकर चालक गाड़ी में फंस गया। पुलिस ने किसी तरह से उसे बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। ट्रक चालक और खलासी को भी अस्पताल पहुंचाया गया। टैंकर चालक पंकज की हालत नाजूक थी। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक और खलासी की हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी भरत लाल पांडेय ने बताया कि भिड़ंत होने के बाद टैंकर में भरा ज्वलनशील केमिकल पदार्थ तेजी से जमीन पर गिरकर बहने लगा। इस वजह से आसपास के लोगों के उधर आने-जाने पर तत्काल रोक लगा दी गई। ज्वलनशील केमिकल के जमीन पर फैलने की वजह से मौके पर फायर ब्रिगेड को भी तैनात कर दिया गया। दोनों वाहनों की हुई भिड़ंत में टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे टैंकर में फंसे उसके चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।