हलिया। स्थानीय बाजार निवासी गिरिजा प्रसाद अग्रहरी के घर में रविवार की रात घुसे चोर नकदी समेत सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए । सुबह जानकारी होने पर भुक्तभोगी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची हलिया पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। भुक्तभोगी ने बताया कि लगभग दो लाख रुपये कीमत के चोर सामान ले गए है।
हलिया बाजार निवासी गिरिजा प्रसाद अग्रहरी का घर ब्लाक रोड पर स्थित है। अपने दो मंजिला मकान के भूतल पर ही वे किराना और परचून की दूकान चलाते हैं । पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक रविवार की रात वे अपनी दुकान बंद कर दूसरी मंजिल पर सोने चले गए । इसके बाद रात में ही चोर दुकान के दरवाजे को बाहर से ही खोलकर अंदर घुस गए । सुबह सोकर उठने के बाद दूकानदार ने दुकान में जाकर देखा तो कमरे के अंदर सब कुछ अस्त व्यस्त था और रुपए तथा आभूषण गायब थे । गिरजा प्रसाद अग्रहरी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक चोर उनके घर से 25 हजार रुपए नकद, चार हजार रुपए फुटकर सिक्का, 21 नग चांदी का सिक्का, सहित सोने चांदी के कई आभूषण भी उठा ले गए हैं ।