फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से दिन दहाड़े पांच लाख की लूट

विज्ञापन
विज्ञापन
तालगांव क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने अंजाम दी वारदात
विज्ञापन

झरेखापुर (सीतापुर)। तालगांव कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को बाइक सवार तीन सशस्त्र लुटेरों ने एक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से पांच लाख रुपये लूट लिए हैं। बताया जा रहा है कि केंद्र संचालक बैंक से रुपये लेकर बाइक से अपने केंद्र पर जा रहा था।

इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। सूचना पाकर एसपी मौके पर पहुंचे और वारदात के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इधर, दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
विज्ञापन

रामकोट थाना क्षेत्र के पथरी निवासी विनय कुमार ने इलाहाबाद बैंक शाखा कसरैला का ग्राहक सेवा केंद्र हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अंगेठा में खोल रखा है। सोमवार को विनय कुमार बाइक से कसरैला पहुंचा। यहां से रुपये लेकर वह बाइक से ही अपने ग्राहक सेवा केंद्र के लिए चल दिया।

रास्ते में तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झरिया के निकट बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए विनय को रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने असलहों से धमकाते हुए उसकी पिटाई की।

इसके बाद उसके पास मौजूद बैग लूटकर मौके से भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने यूपी-100 पुलिस की मदद मांगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को पीड़ित ने बताया कि बदमाश जिस बैग को लूटकर ले गए हैं।

उसमें 5 लाख 10 हजार रुपये की नकदी, लैपटॉप व अन्य जरूरी कागजात थे। सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुलकर्णी, एएसपी मधुबन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली।

इसके बाद एसपी ने अधीनस्थों को कड़ी कार्रवाई करने व जल्द ही खुलासा करने के निर्देश दिए। पीड़ित ने इस संबंध में तालगांव कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। देर शाम खबर लिखे जाने तक वारदात की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी थी।

इतने रुपये आए कहां से
पुलिस की जांच इस मामले में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर ही आकर टिक गई है। सुनने भले ही यह अटपटा लगे, लेकिन यह सच है कि पुलिस पीड़ित से ही सवाल कर रही थी, कि आखिर इतने रुपये उसके पास कहां से आए।

पुलिस ने भले ही अपराधियों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, लेकिन वह केंद्र संचालक की विधिवत जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बैंक से केंद्र संचालक ने सोमवार को महज एक लाख 10 हजार रुपये ही निकाले थे।

जबकि वह 5 लाख 10 हजार रुपये लूटे जाने की बात कह रहा है। इस संबंध में केंद्र संचालक विनय कुमार का कहना है कि चार लाख से अधिक रुपये उसके पास पहले से ही मौजूद थे। इस पूरी वारदात में पुलिस विनय की जांच में ही जुटी हुई है।

गांव से 20 किमी. दूर है सेवा केंद्र
पुलिस यहां तक संदेह कर रही है कि आखिर पीड़ित रहने वाला रामकोट के पथरी गांव का है, जबकि उसने ग्राहक सेवा केंद्र हरगांव के ग्राम अंगेठा में खोल रखा है। पथरी गांव से अंगेठा की दूरी 20 किमी. से भी अधिक है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है, कि आखिर अपने गांव से इतनी दूरी पर विनय ने किन कारणों के चलते ग्राहक सेवा केंद्र खोला।

घटनास्थल पर है सुनसान इलाका
पीड़ित तालगांव कोतवाली क्षेत्र के जिस झरिया गांव के निकट लूट की वारदात होना बता रहा है। वह इलाका बेहद सुनसान इलाके में है। रास्ते के नाम पर वहां खड़ंजा बिछा है, आसपास झाड़ियां व खेत मौजूद हैं। खड़ंजे की वजह से उस रास्ते पर वाहन भी तेजी से नहीं भगाया जा सकता है। क्षेत्र के नागरिकों की मानें तो बदमाशों ने इसी बात का फायदा उठाया और लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।

पुलिस कर्मियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
केंद्र संचालक से लूट के मामले में क्षेत्र के पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है। एसपी ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद लापरवाह पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। इस मामले की जांच सीओ लहरपुर अखंड प्रताप सिंह को सौंपी गई है।

रुपये निकाले, मगर बैंक में लिखापढ़ी नहीं
कसरैला के इलाहाबाद बैंक की जिस शाखा से केंद्र संचालक विनय कुमार ने एक लाख रुपये सोमवार को निकाले हैं। उन रुपयों के निकाले जाने की लिखा पढ़ी भी बैंक ने नहीं की है। बताया जा रहा है कि बैंक के कैशियर ने बगैर लिखापढ़ी के ही विनय को एक लाख रुपये दे दिए थे।

अब जब लूट की वारदात सामने आ रही है। तब सच्चाई से भी पर्दा उठता दिख रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केंद्र संचालक ने इलाहाबाद बैंक की शाखा कसरैला से एक लाख रुपये निकाले हैं, लेकिन इसकी लिखा पढ़ी बैंक में मौजूद नहीं थी।
विज्ञापन


होगी कड़ी कार्रवाई
लूट की सूचना मिली थी, मौके पर जाकर देखा गया है, इस मामले में जहां बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं। वहीं क्षेत्र के पुलिस कर्मियों की भी जांच की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
-आनंद कुलकर्णी, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें