राजगढ़। स्थानीय विकासखंड क्षेत्र के ददरा ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्य श्रमिकों के बजाय जेसीबी से कराने का मामला तूल पकड़ रहा है। ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी व तकनीकी सहायक (टीए) के खिलाफ करवाई का निर्देश दिया था। मामले में केवल ग्राम प्रधान पर कार्रवाई किए जाने से ग्राम प्रधानों में आक्रोश है।
तकरीबन दो माह पहले ग्राम प्रधान द्वारा गांव में नाली की खुदाई श्रमिकों से न कराकर जेसीबी से कराया जा रहा था। लोगों की शिकायत पर सीडीओ द्वारा मामले की जांच डीसी मनरेगा से कराई गई थी। जांच में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी व तकनीकी सहायक (टीए) ने गलत तरीके से जेसीबी से नाली खुदाई कर फर्जी तरीके से भुगतान भी करा लिया है। जांच में मामला सही मिलने पर सीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारी राहुल सिंह, ग्राम प्रधान रमेश यादव व तकनीकी सहायक जय शंकर तिवारी को 10 दिनों के अंदर 4667 रुपए जमा करने का निर्देश दिया था। परंतु अभी तक रकम जमा नहीं है। जबकि खंड विकास अधिकारी शैलेन्द्र सिंह की तहरीर पर ग्राम प्रधान के विरुद्ध पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया रिकवरी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। 15 दिन बीत जाने के बाद भी तीनों आरोपी पर एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है।