हलिया। हलिया के हर्रा जंगल में तीन बालिकाओं का कंकाल मिलने के बाद लापता मां का शव फंदे से लटका मिला था। शव पुराना होने के कारण बिसरा को सुरक्षित रखा गया । उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए बीएचयू भेजा गया। वहां से सैंपल लेकर अब उसे रामनगर फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। फोरेंसिक लैब में कंकाल और महिला के शव की जांच की जाएगी। जिससे पता चल सके कि कंकाल उसके तीनों बच्चों का है या किसी और का। इसके अलावा पुलिस महिला के मोबाइल काल डिटेल के जरीए मामले की जांच में जुटी है।
हलिया थाना क्षेत्र के बेलाही गांव से एक माह पूर्व अपनी मां के साथ निकली तीन बहनों का कंकाल 22 सितंबर की सुबह हर्रा जंगल में बरामद हुआ। बलिकाओं के मामा की सूचना पर पुलिस के साथ जंगल में पहुंचे उनके पिता ने कपड़ों से तीनों पुत्रियों गोलू (12) मुनिया (10) व ममता (8) की शिनाख्त की। घटना के बाद से उनकी मां सीमा लापता चल रही थी। बालिकाओं के पिता की तहरीर पर पुलिस अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी तो तीन दिन बाद 24 सितंबर को उसका शव जंगल में फंदे पर लटका मिला। बालिकाओं के कंकाल को जांच के लिए पहले ही रामनगर लैब भेजा गया था। महिला का शव भी पुराना था तो उसे जांच के लिए बीएचयू भेजा गया। वहां से सैंपल लेकर उसे रामनगर फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। मामले का खुलासा करने के लिए महिला के मोबाइल फोन काल डिटेल से पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। मामले की जांच पड़ताल स्वाट टीम के साथ अन्य टीम लगी हुई है। पुलिस मामले को आत्म हत्या के रुप में प्रथम दृष्टया मान रही है। मामला के खुलासा करने के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।