मामूली विवाद में युवक को गोली मारी
चबूतरे से ट्रैक्टर-ट्राली टकराने में गांव कपसाड़ में विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ में ट्रैक्टर की टक्कर से चबूतरा टूटने पर मकान मलिक ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि कई राउंड फायरिंग की गई। वहीं गोली लगने से घायल युवक को मोदीपुरम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कपसाड़ निवासी अमर (26) उर्फ मोनू पुत्र लीलू मंगलवार को मकान निर्माण के लिए ट्रैक्टर ट्राली से रोडी और डस्ट लेकर आ रहा था। इसी दौरान ट्राली सुशील उर्फ काले पुत्र स्व. चमन के मकान के चबूतरे से टकरा गया। चबूतरे की कुछ ईंट गिर गईं। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच सुशील ने गोली चला दी। एक गोली अमर के कंधे में जा घुसी। घटना से वहां अफरा-तरफरी मच गई। परिजनों ने अमर को उपचार के लिए मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सूचना पर थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।