वेस्ट यूपी में मौसम बदला तो उमस भरी गर्मी से भी शहरवासियों को राहत मिल गई। बदलते मौसम के साथ सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के चलते जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम भी खुशनुमा हो गया और तापमान भी गिर गया है।
दोपहर में 2 बजे के करीब आसमान पर काले बादल छाए और देखते ही देखते तेज आंधी शुरू हो गई। आंधी की रफ्तार 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रही, शाम तक झमाझम बारिश होती रही।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी का कहना है कि अभी 24 घंटे तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। मेरठ समेत आसपास के जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। सितंबर में हो रही बारिश रिकॉर्ड तोड़ सकती है। इस बारिश के होने से जहां गर्मी से राहत मिलेगी वहीं फसलों को भी काफी लाभ मिलेगा।
बारिश से कई जगह हुआ जल भराव
शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने शहर की सड़कों पर पानी भर दिया। बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं बारिश शहरवासियों के लिए आफत भी बन गई। कई जगह पर ज्यादा जलभराव होने के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और रुड़की रोड पर पानी की उचित निकासी न होने के कारण जलभराव हो गया। दुपहिया वाहन स्वामियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऐसी ही स्थिति कंकरखेड़ा के क्षेत्र में कई जगह देखने को मिली, जहां पर जलभराव के कारण लोग परेशान दिखाई दिए, जबकि शहर के विभिन्न हिस्सों में भी जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा।