संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। पिस्टल से फायरिंग करते हुए एक व्यापारी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता के साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
मटौर निवासी आदर्श वर्तमान में दौराला के दौलतराम वार्ड 8 में रहता है और लावड़ रोड पर इलेक्ट्रिक की दुकान करता है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में आदर्श पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो कब और कहां बनाया गया पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके पास पिस्टल कहां से आई और उसका लाइसेंस है या नहीं। फायरिंग के दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद था अथवा नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वीडियो की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-