बच्चों ने लगवाया कोरोना का टीका।
- फोटो : amar ujala
कोरोना के संक्रमण से युवाओं व बुजुर्गों को सुरक्षित करने के बाद अब मेरठ में 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण भी शुरू हो गया है। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलिस लाइन पर मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने रिबन काटकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने टीका लगवाने वाले बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।
मेरठ जिले को 2.52 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि अभियान के लिये 83 स्टेटिक बूथ बनाए गए हैं। टीके की दूसरी डोज 28 दिन बाद लगायी जाएगी। जनपद को 78 हजार डोज मिली हैं। एक वायल में 10 डोज हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को लगने वाली कोर्बेवैक्स का 50 प्रतिशत पंजीकरण ऑनलाइन व 50 प्रतिशत ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिये बच्चों का आयु प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें: काम पर लौटा बुलडोजर: शपथ से पहले मेरठ में बड़ी कार्रवाई, कुख्यात बदन सिंह बद्दो का ठिकाना किया जमींदोज
बच्चों में दिखा टीका लगवाने का जोश
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलिस लाइन पर बुधवार से शुरू हुए टीकाकरण अभियान में बच्चों में काफी जोश दिखाई दिया। टीका लगवा चुके सेंट फ्रांसिस स्कूल के कक्षा आठ के छात्र श्रीजेश सिंह ने कहा सरकार का यह बहुत अच्छा कदम है। अब हम बिना डर के स्कूल जा सकेंगे। बच्चों को टीका लगवाने के लिए आगे आना होगा, तभी देश कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित होगा। दीवान स्कूल के कक्षा आठ के चिन्मय का कहना था कि पहले उसे स्कूल जाने में डर लगता था। घर पर भी सभी लोग डरते थे कि कहीं संक्रमण न हो जाए, पर अब टीका लगवा लिया है, बेखौफ होकर स्कूल जाऊंगा।
यह भी पढ़ें: चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष: मेरठ के इस गांव में जमकर पथराव और फायरिंग, 12 लोग हुए घायल, देखिए तस्वीरें