पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला 21 सितंबर को अपने पति से नाराज होकर वृंदावन के लिए निकली थी। वृंदावन में राजस्थान के जिला भरतपुर निवासी कुंवरपाल पुत्र रामौली से उसकी मुलाकात हुई। कुंवरपाल ने महिला को अपने झांसे में ले लिया। उसे उसके घर छोड़ने की बात कहते हुए गाड़ी में बैठाकर आगरा ले गया। वहां उसने 6 दिन तक महिला को एक होटल में रखा और उसके सोने के जेवर भी बेच दिए।
महिला ने मौका पाकर कुंवरपाल के मोबाइल से अपने परिजनों को फोन किया। कुंवरपाल को जब इसका पता चला तो उसने महिला के परिजनों से कहा कि कैश दो, नहीं तो इसे नहीं छोड़ूंगा। परिजनों ने थाना पुलिस से शिकायत की। खरखौदा पुलिस में जांच शुरू की और आरोपी के पीछे लग गई।
पुलिस ने महिला को राजस्थान से बरामद कर लिया। उसने बताया कि कुंवरपाल ने उसे भरतपुर जिले के थाना सदर बयाना क्षेत्र के गांव बमोरी निवासी बदन सिंह पुत्र मंगती सिंह को बीस हजार रुपए में बेच दिया था। पुलिस महिला को वापस खरखौदा ले आई। यहां महिला ने आपबीती बताते हुए खरखौदा थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि आरोपी कुंवरपाल और महिला को खरीदने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।