सोमपाल के हत्यारोपी दिल्ली पुलिस के दो सिपाहियों की निशानदेही पर दो तमंचे बरामद
फलावदा। जमीन के विवाद में गांव कुंडा में गोली मारकर सोमपाल की हत्या करने के मामले में न्यायालय में आत्मसमर्पण करने वाले दिल्ली पुलिस के दो सिपाहियों को पुलिस ने 24 घंटे की रिमांड पर लिया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे बरामद किए हैं।
गांव कुंडा में कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर मेहताब और सोमपाल पक्ष के बीच विवाद चल रहा था। 30 जून की रात कृषि भूमि पर कब्जा लेने को लेकर गोलीबारी हुई थी। ओमपाल पक्ष का आरोप था कि मेहताब पक्ष ने सोमपाल की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सोमपाल के भाई ओमपाल ने 13 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें नामजद मेहताब, विकास उर्फ पप्पू, विकास, अरुण, कृष्णपाल, बिजेंद्र को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि नामजद दिल्ली पुलिस के दो सिपाही नरेंद्र व हरेंद्र ने पुलिस की सख्ती के आगे न्यायालय में समर्पण कर दिया था।
थाना प्रभारी शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि हरेंद्र व नरेंद्र पुत्र मेहताब को न्यायालय से 24 घंटे की रिमांड लिया गया। उनकी निशानदेही पर गांव कुंडा के जंगल से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं। हत्या में नामजद पांच आरोपी फरार अभी हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।