पूरी योजना के साथ की युवतियों की हत्या
मेरठ। अफसाना और हिना की हत्या के आरोपी गौरव त्यागी को पुलिस अब रिमांड पर लेगी। सरधना पुलिस ने रिमांड पर लेने की अर्जी कोर्ट में लगा दी है। पुलिस का दावा है कि गौरव ने पूरी योजना से दोनों युवतियों की हत्या की है। रिमांड पर हत्यारोपी गौरव और कई राज खोलेगा। पुलिस ने दोनों आरोपियों गौरव और आकाश को गिरफ्तार कर रविवार कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
सरधना थानाक्षेत्र के नानू-रतौली गांव मार्ग स्थित नाले में शनिवार सुबह दो युवतियों के शव मिले थे। इनकी पहचान अफसाना निवासी नानू सरधना और हिना निवासी सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई। हिना अफसाना के भाई शाहरुख की साली थी। दोनों की दोस्ती थी। अफसाना का प्रेम प्रसंग गांव के ही गौरव से था। बाद में गौरव और अफसाना के रिश्ते में खटास आ गई। युवतियों ने गौरव के खिलाफ थाने में तहरीर देकर धमकी दी फिर उसको ब्लैकमेल करने लगीं। गौरव और उसका दोस्त
आकाश 10 अगस्त को अमजद की ईको गाड़ी लेकर नोएडा पहुंचे, जहां पर दोनों लड़कियां किराए के फ्लैट में रहती थीं। गौरव दोनों को गाजियाबाद में शॉपिंग की बात कहकर ले आया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार में गौरव ने पहले हिना के सिर में गोली मारी और फिर नानू नहर के पास अफसाना की गोली मारकर हत्या कर दी। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि गौरव को रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जाएगी।
----
दोनों समलैगिंक थी, मुझे बर्बाद कर दिया
पूछताछ में आरोपी गौरव त्यागी ने अपनी प्रेमिका अफसाना और हिना को समलैंगिक बताया। एक दूसरे को छोड़ने को तैयार नहीं थीं। हिना लड़के की तरह रहती थी। गौरव ने बताया कि वह अफसाना से प्यार करता था और उससे शादी भी करना चाहता था, मगर अफसाना हिना को छोड़ने को तैयार नहीं थी। अफसाना के साथ अब हिना का भी पूरा खर्च उसे उठाना पड़ता था।
---
हिना मर गई... तू मेरे साथ चल
खून से लथपथ हिना का शव गाड़ी में पड़ा था। गाड़ी से उतारकर गौरव अफसाना को कुछ दूर पर ले गया। यहां पर दोनों में करीब एक घंटे बात हुई। गौरव ने अफसाना से कहा कि हिना मर गई है, अब तू मेरे साथ चल। लेकिन, वह नहीं मानी। इसके बाद आकाश के साथ मिलकर गौरव ने अफसाना को भी मार डाला। बाद में दोनों के शव नानू-रतौली गांव मार्ग पर नाले में फेंक दिए। आकाश डाबका गांव का निवासी है। गौरव ने आकाश को उसके घर छोड़ा और खुद भी अपने घर चला गया।
---
गौरव बोला, मुझे पछतावा नहीं
पुलिस के सामने गौरव ने कहा, मुझे अफसाना और हिना को मारने का कोई पछतावा नहीं है। मैने अफसाना को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थी। उसकी धमकी, मारपीट और ब्लैकमेल से परेशान हो चुका था। पुलिस से आरोपी ने सारी बात बता दी। अफसाना के भेजे मेसेज भी गौरव ने अपने मोबाइल में दिखाए। अफसाना की कई रिकॉर्डिंग गौरव के मोबाइल में मिली। पुलिस ने गौरव व अफसाना के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाल ली है।
---
ढाई साल पहले हुई थी मुलाकात
गौरव ने बताया कि वह गांव में मोबाइल रिपेयरिंग और रिचार्ज करने का काम करता था। अफसाना से मुलाकात उसकी ढाई साल पहले हुई, तभी से वह दोनों प्यार करने लगे। यह बात दोनों के परिजनों को पता लगी थी। विरोध भी हुआ, लेकिन वह नहीं माने। अफसाना को दिल्ली सीमापुरी में भाई की ससुराल में भेज दिया गया। वहां भाई की साली हिना से उसकी दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों के बीच लगाव हो गया। अब अफसाना कहने लगी थी कि गौरव को छोड़ सकती हूं, लेकिन हिना को नहीं।
---
विवेचना के लिये एसआईटी गठित
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि दो युवतियों की हत्या हुई है। इस हत्याकांड में कई राज ओर खुलने बाकी हैं। गौरव और आकाश के अलावा घटना में कोई शामिल था या नहीं, इसका भी खुलासा होना बाकी है। इस घटना को गंभीर मानते एसएसपी ने विवेचना करने के लिए एसआईटी गठित कर दी। इसमें सीओ दौराला, सर्विलांस प्रभारी, इंस्पेक्टर सरधना और दो दरोगा शामिल हैं। वहीं, 24 घंटे से पहले खुलासा करने पर पुलिस टीम को इनाम भी दिया है।