मेरठ में बसपा नेता मनोज चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से उनको जेल भेजा गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अतुल कुमार की गिरफ्तारी अभी नहीं दिखाई है।
इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ कस्बा स्थित चिंदौड़ी गांव में मनोज चौधरी की 28 अगस्त को हत्या कर दी गई थी। जिसमें मुख्य आरोपी अतुल, अनुज उर्फ चीकू, ओमपाल, नगेंद्र उर्फ लौकी नामजद किए गए थे। मंगलवार देर रात इंचौली पुलिस टीम समसपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी।
यह भी पढ़ें: राकेश टिकैत ने ली चुटकी: कहा-वोट की खातिर देश को बांट रही भाजपा, राजनीति में अब्बाजान, चचाजान के बाद 'ताऊ' की एंट्री बाकी
इसी दौरान बसपा नेता की हत्या में शामिल आरोपियों के समसपुर मार्ग पर घूमने की सूचना मिल गई है। पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर ओमपाल, अनुज कुमार उर्फ चीकू व नगेंद्र उर्फ लौकी निवासी को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा, दो कारतूस, बाइक व एक मोबाइल बरामद किया।
यह भी पढ़ें: बिटिया के कत्ल का खुला राज: दुष्कर्म में विफल होने पर नशेड़ी युवक ने दिया था वारदात को अंजाम, शरीर पर मिले थे नाखून के निशान
वहीं बुधवार को पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया। हत्या का षड़यंत्र रचने के मामले में पुलिस कपिल व अरुण को पहले ही जेल भेज चुकी है। जेल भेजे गए आरोपियों में अनुज उर्फ चीकू पर अलग-अलग थानों में सात, ओमपाल पर मुजफ्फरनगर जिले के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। चर्चा है कि मुख्य आरोपी अतुल को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि पुलिस अतुल की तलाश में लगी है।