जेवर एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों में नहीं होनी चाहिए देरी : कमिश्नर
मेरठ। इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के निर्माण की तैयारियों और भूमि अधिग्रहण को लेकर कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के निर्माण में देरी नहीं होनी चाहिए। परियोजना से प्रभावित भवनों के पुनर्मूल्यांकन के लिए 30.64 करोड़ का मांग पत्र शासन को प्रेषित किया गया है। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि धनराशि प्राप्त होते ही प्रभावित व्यक्तियों को एक सप्ताह के भीतर मुआवजा वितरित करें।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित कुल भूमि की पैमाइश का कार्य तहसील, यमुना प्राधिकरण एवं निर्माणकर्ता कंपनी की संयुक्त टीम द्वारा पूर्ण किया जा चुका है। कुछ गांवों में विद्यालयों की बिल्डिंग को हटाए जाने का कार्य बचा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतमबुद्ध नगर को इस कार्य को तेजी से कराने के लिए कहा गया है।
कुरैब गांव में पूर्व में आपसी समझौते से खरीदी गई भूमि पर बने निर्माणों को हटाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के द्वितीय चरण हेतु जिन गांवों की भूमि अर्जित की जानी प्रस्तावित है, उनमें कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि सारे कार्य टाइम लाइन के मुताबिक पूरे होने चाहिए। जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर, अपर जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर, उप जिलाधिकारी जेवर, ओएसडी यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण मौजूद रहे।