परीक्षितगढ़ में तीन दिन से लापता सराफा व्यापारी शव मिला
परीक्षितगढ़। नगर के रजबहे किनारे रविवार को एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के शनाख्त गांव पूठी के सराफा व्यापारी कपिल सैनी के रूप में की गई है। एसपी देहात केशव कुमार व सीओ सदर देहात मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने व्यापारी की मौत का खुलासा करने की मांग की। मृतक तीन दिन से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा रखी है। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गांव पूठी निवासी कपिल सैनी (25) पुत्र पीतम सिंह ने गांव खजूरी में तीन वर्ष पहले सराफ की दुकान शुरू की थी। आठ अक्तूबर पूर्व सराफा व्यापारी कपिल बाइक पर खजूरी जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह शाम तक दुकान पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
रविवार शाम छह बजे नगर के मेरठ रोड रजबहे किनारे पुलिस को एक युवक का शव पडे़ होने की सूचना मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त सराफा व्यापारी कपिल सैनी के रूप में होने के बाद उसके परिजनों को जानकारी दी। परिजन दर्जनों ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम पर शव भेजने से पूर्व सूचना न देने पर पुलिस के प्रति नाराजगी जताई। इसके बाद एसपी देहात केशव कुमार, सीओ सदर पूनम सिरोही भी घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से घटना के जल्द खुलासे की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
छह बहनों का अकेला भाई था
मृतक छह बहनों का अकेला भाई था। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी छह साल पहले पूजा से शादी हुई थी। मृतक के दो पुत्र हैं। कपिल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।