परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी रीमा चौहान ने बताया कि अधिकतर मामलों में जब रिश्ता टूटने की वजह पूछते हैं, तो प्रार्थना पत्र में लगे आरोप से अलग ही बात निकलकर आती है। किसी मामले में पति-पत्नी के बीच शक की दीवार खड़ी होती है। कभी सास-ससुर से अनबन वजह होती है तो कभी पत्नी देहात से शहर में रहने की जिद करती है। पति के शराब पीने की वजह से भी रिश्ते टूटते हैं। कुछ वजह तो ऐसी होती हैं जिनका कोई आधार ही नहीं होता है। ऐसे मामलों में दोनों पक्षों को समझाने पर बात बन जाती है।
पत्नी नौकरी करना चाहती है, पति को पसंद नहीं
पुराना शहर के एक दंपती का रिश्ता इस वजह से टूटने के कगार पर आ गया, क्योंकि पत्नी ब्यूटी पार्लर में नौकरी करना चाहती थी। पति चाहता था कि पत्नी नौकरी न करे। बात बिगड़ी तो पत्नी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा दिया। परिवार परामर्श केंद्र ने समझाया तो दोनों में सुलह हुई।
यह भी पढ़ें: दांव पर भविष्य: कर्ज लिया तो किसी ने प्लॉट बेचा, पूरी जमा पूंजी लगाई, डॉक्टर बनने के ख्वाब पर बरस रहे बम
देवर से संबंध का शक
सरधना के दंपती के रिश्ते में शक की दीवार आ गई। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। पति ने कहा कि उसे शक है की पत्नी के देवर से संबंध हैं पर कोई सबूत नहीं। काउंसिलिंग के बाद दोनों फिर एक दूजे के हो गए।
पत्नी को लगता है पति के किसी महिला से हैं संबंध
शहर के नौचंदी क्षेत्र में दिल्ली की युवती की शादी हुई थी। पति बाहर जॉब कर रहा है। महिला की इच्छा है कि पति उसके पास ही रहकर जॉब करे। पत्नी को शक है कि पति के अन्य महिला से संबंध हैं। अभी शक दूर नहीं हुआ। दोनों की काउंसिलिंग चल रही है।
खत्म हो रही सहनशीलता, लत बन रहा मोबाइल
मुझे लगता है कि आजकल के युवाओं में अहम बढ़ा है जिसकी वजह से रिश्ते बिखर रहे हैं। एक दूसरे की भावनाओं को समझना चाहिए। पति-पत्नी के रिश्तों का बच्चों पर भी असर पड़ता है। यह न सिर्फ दो लोगों का बल्कि दो परिवारों का मामला होता है। कुछ युवा बेवजह हर वक्त मोबाइल और सोशल साइट से चिपके रहते हैं। इन्हें बेवजह पोस्ट डालने और लाइक के इंतजार की लत सी हो जाती है। अगर ऐसा हो तो समय रहते इनकी काउंसलिंग करानी चाहिए ताकि परिवार बचे रह सकें। -शिखा चतुर्वेदी, शिक्षा विभाग , एनएस कॉलेज,मेरठ