राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के सांसद जयंत चौधरी ने सोमवार को किसान कमेरा सम्मेलन में 45 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक ही आदमी को सब करना है तो फिर चुनाव क्यों हो रहे हैं?। क्यों सांसद, विधायक चुने जा रहे हैं? सत्ता में बैठे लोगों की यह हैसियत नहीं है कि वह अपनी मर्जी से कहीं विकास कार्य भी करवा सकें। देश को मजबूत नहीं, खोखला बनाया जा रहा है। गरीब को और गरीब व मालदार को और मालदार बनाने का काम किया जा रहा है।
हजरतनगर गढ़ी में स्थित रामलीला मैदान में किसान कमेरा सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि यूपी में वर्ष-2016 में गरीब तबके का ध्यान भटकाने के लिए नोटबंदी जैसा फैसला लिया गया। इससे वह लाइन में लग गया और फिर चुनाव कार्यक्रम जारी कराकर जोरशोर से यह कहा कि अब अमीर की तिजोरी के नोट बाहर आएंगे। झांसे में फंसे गरीब, मजदूर, किसान और बेरोजगार नौजवान के वोट का पता तब चला जब परिणाम आए, लेकिन इसके बाद अमीरों के लोन का एक झटके में माफ कर दिए। जबकि गरीब, किसान, मजदूर समेत औसतन देश के हर परिवार पर करीब 74 हजार रुपये कर्जा है।
उन्होंने कहा कि गरीबों को सीधे चोट पहुंचाई जा रही है, लेकिन एहसास भी नहीं होने दिया जा रहा। यही वजह है कि एक कार्यकाल के बाद दोबारा सरकार बनाने का क्रम जारी रहा, लेकिन अब जागरूक हो जाएं। अपने और अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए होशियार बनें और सतर्क रहें, क्योंकि इनका यदि यही क्रम चलता रहा तो इन्हें आपके विकास और उत्थान की याद कभी नहीं आएगी।