प्रो-कबड्डी सीजन-8 का दिसंबर में आयोजन होना है। खिताब जीतने के लिए प्रत्येक टीम पूरा जोर लगाएगी। वहीं यूपी योद्धा की टीम मेरठ में आज से दो माह तक अभ्यास करेगी। यूपी योद्धा टीम के स्टार खिलाड़ी प्रदीप नरवाल भी कैंप में पहुंचे हैं। उनका कहना है कि प्रो कबड्डी ने युवाओं को भरपूर अवसर दिए हैं।
आईपीएल की तरह प्रो-कबड्डी ने युवाओं को भरपूर अवसर दिए हैं। ये कहना है यूपी योद्धा टीम के स्टार खिलाड़ी प्रदीप नरवाल का। प्रदीप को यूपी ने एक करोड़ 65 लाख में खरीदा है। यूपी टीम के 16 सदस्य आज परतापुर स्थित महरौली कैंप में पहुंच गए। यहां पर आज से दो माह तक अभ्यास करेंगे। प्रो-कबड्डी आठवें सीजन का आगाज 22 दिसंबर से होगा। टीम में दो विदेशी खिलाड़ी भी हैं। यूपी की टीम कैंप में दो महीना पसीना बहाएंगे।
विज्ञापन
खिताब जीतने के लिए पूरा दम दिखाएगी टीम
कप्तान नितेश कुमार ने कहा कि यूपी की टीम प्रो-कबड्डी खिताब जीतने के लिए पूरा दम दिखाएगी। कैंप में स्टार कबड्डी खिलाड़ी श्रीकांत यादव, सुरेंद्र गिल, सुमित, आशु, आशीष नागर, मेरठ के गुलबीर सिंह, रोहित तोमर, शुभम बालियान, साहिल अंकित, बंटू व बांग्लादेश के मकसूद करीम व ईरान के मोहम्मद अली प्रशिक्षण हासिल करेंगे।
नौकरी के लिए चुना खेल, जिंदगी बदल गई
स्टार कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप नरवाल पहली बार यूपी टीम का हिस्सा होंगे। प्रदीप ने बताया हमने खेती-बाड़ी से बचने के लिए कबड्डी को चुना था, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचकर नौकरी पा लें, लेकिन प्रो-कबड्डी ने खिलाड़ियों का जीवन ही बदल दिया। आज कबड्डी देहात क्षेत्रों से निकलकर शहरी युवाओं की पसंद बन चुका है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट की तरह युवाओं में अब कबड्डी में कुछ कर गुजरने का जज्बा है। युवाओं को कबड्डी में नए अवसर मिल रहे हैं, प्रतिभा और सामान्य खिलाड़ियों की अपेक्षा कुछ अलग करने के जज्बे से ही टीम में जगह मिलेगी। कोच जसबीर सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम प्रशिक्षण लेगी।