बद्दो के साथी डिपिन सूरी की संपति कुर्क करने की तैयारी
मेरठ। पुलिस ने मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो के साथी डिपिन सूरी की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा कि गैंगस्टर 14ए के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का मानना कि बद्दो ने अपराध से अर्जित की गई संपत्ति अपने साथी डिपिन सूरी के नाम की हुई है। सूरी बिजली बंबा बाईपास स्थित सुपरटेक पामग्रीन में रहता था। उसके पास करोड़ों की संपत्ति है। मेरठ, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में उसके ट्रक चलते हैं। बताया गया है कि उसका ट्रांसपोर्ट का बड़ा काम है।
बदन सिंह की फरारी के बाद अब सूरी उसकी संपत्ति का वारिस बन गया है। सीओ ब्रह्मपुरी अमित कुमार राय का कहना है कि डिपिन सूरी पर गैंगस्टर 14ए के तहत कार्रवाई करने की पूरी तैयारी कर रखी है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के हस्ताक्षर के बाद यह कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डिपिन सूरी को पुलिस दो बार जेल भिजवा चुकी है। वह फिलहाल जमानत पर है।
बद्दो की फरारी में भी सूरी था शामिल
28 मार्च 2019 को दिल्ली रोड स्थित मुकुट महल होटल से पुलिस कस्टडी से भागने के दौरान बद्दो के साथ डिपिन सूरी था। पुलिस का दावा कि बद्दो की फरारी में डिपिन सूरी की भूमिका है। ढाई लाख के इनामी बद्दो की फरारी की विवेचना में सूरी ने पुलिस का सहयोग नहीं किया है। पुलिस का मानना है कि फरार होने के बाद बद्दो कहां गया, इसकी जानकारी सूरी को थी।
आईपी ऐड्रेस की तीन दिन में आएगी रिपोर्ट
बदन सिंह बद्दो ने फेसबुक पर 4 दिन पहले यूपी के पूर्व डीजीपी बृजलाल समेत कई लोगों के खिलाफ पोस्ट डाली है। इसे लेकर पुलिस में खलबली मची थी। डीजीपी मुकुल गोयल के मेरठ दौरे के दो दिन बाद बद्दो ने यह पोस्ट डाली थी। बद्दो की इस पोस्ट की जांच करने के लिए पुलिस ने फेसबुक मुख्यालय से इसकी पूरी रिपोर्ट मांगी। बताया गया है कि आईपी एड्रेस की तीन दिन में रिपोर्ट आ जाएगी उसके बाद पता चलेगा कि यह पोस्ट कहां से डाली गई। उसकी लोकेशन क्या है।