मेरठ में लैब टेक्नीशियन की कोरोना पॉजिटिव बेटी के सम्पर्क में आए 11 लोगों की कोविड की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस युवती के सैम्पल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। राहत की बात यह रही कि विदेश से आए 37 लोगों समेत शुक्रवार को 4868 की जांच हुई, किसी को भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खौफ है। शहर में 24 नवंबर से लेकर अब तक विदेश से आए 967 लोगों में 533 की जांच हो चुकी है। बाकी की जांच बाकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इनकी निगरानी कर रही हैं। अब जो भी कोरोना पॉजिटिव आ रहा है, उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें: ओमिक्रॉन का खतरा: मां-बेटी मिलीं कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए 16 लोग, जिले में मिल चुके 32 हजार से ज्यादा केस
इनके अलावा फोकस सैंपलिंग के तहत 342 लोगों के नमूने लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी। जिले में अब रक 66045 मरीज मिल चुके हैं। कोरोना का पहला मरीज 27 मार्च 2020 को मिला था।
19505 लोगों ने लगवाया टीका
शुक्रवार को 193 बूथों पर 19505 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। हालांकि 75 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिले में अब तक 20 लाख से अधिक कोरोना से बचाव की पहली डोज लगवा चुके हैं जबकि इनमें से 11 लाख से अधिक को दोनों डोज लग चुकी हैं। दोनों डोज लगने के बाद ही टीकाकरण पूर्ण माना जाता है।
डेंगू के दो मरीज मिले
डेंगू के शुक्रवार को दो मरीज मिले। इस साल मरीजों की कुल संख्या 1646 पहुंच गई है। इनमें से 1634 मरीज ठीक हो चुके हैं, 12 सक्रिय हैं। पांच अस्पताल में हैं और सात घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं।