एमपीएस के प्लॉट पर नहीं मिला कब्जा, लौटे अधिकारी
मेरठ। जागृति विहार एक्सटेंशन में कब्जा लेने पहुंची प्रशासन और आवास विकास अधिकारियों की टीम बैरंग लौट आई। किसानों ने समाधान नहीं तो कब्जा न देने का एलान कर दिया है। अर्जित भूमि किसान संगठन के पदाधिकारी 13 जुलाई से बढ़े हुए प्रतिकर और छह प्रतिशत विकसित भूखंड की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
मेरठ पब्लिक स्कूल के प्लॉट पर कब्जे के लिए सीओ देवेश सिंह और तहसीलदार रामचंद्र के साथ पहुंचे आवास विकास अधिकारियों को लौटना पड़ा। किसानों ने सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह से कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे। आवास विकास के अधिशासी अभियंता एमबी कौशिक तथा नीरज सिंह भी साथ रहे।
अर्जित भूमि किसान संगठन के महामंत्री भारत भड़ाना ने बताया कि टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी। हमसे कोई भी मुआवजे संबंधित वार्ता नहीं हुई। इसके बाद किसानों ने नारेबाजी कर दी। इस मौके पर कालूराम, नरेश पाल, हुकुम सिंह, कुंदन सिंह, संदीप कुमार, श्रीपाल, संतराम, साहब सिंह, धर्मपाल सिंह, अशफाक मौजूद रहे। ब्यूरो