मेरठ। दक्षिण विधानसभा से भाजपा विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर अमेरिका में इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह अमेरिकी सरकार के प्रतिष्ठित कार्यक्रम आईवी लीडरशिप प्रोग्राम का हिस्सा होंगे। भौतिक विज्ञान विषय में पीएचडी डिग्री धारक सोमेंद्र तोमर स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित होते रहे हैं। वह इस समय पंचायती राज समिति उत्तर प्रदेश के सभापति भी हैं। इस कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले वह उत्तर प्रदेश से अकेले विधायक हैं।
वह 28 सितंबर से 20 अक्तूबर तक वांशिगटन डीसीए न्यूयार्क सहित अमेरिका के आधा दर्जन शहरों का दौरा करेंगे। इस दौरान वहां पर वह स्थानीय राजनेताओं, नौकरशाहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात व बैठक करेंगे। उनसे यह समझने का प्रयास करेंगे कि विकास के विभिन्न क्षेत्रों में किस तरह से भारत अमेरिका साझा रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्हें राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुणे में आयोजित युवा संसद द्वारा आदर्श युवा विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है।