मेरठ नवरात्र के पहले दिन जिले में मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड ने मनचलों और छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। महिला पुलिस ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर चेकिंग की।
एसपी सिटी विनीत भटनागर, सीओ कोतवाली अरविंद कुमार चौरसिया, सीओ सिविल लाइन देवेंद्र सिंह, महिला थाना प्रभारी मोनिका जिंदल, कोतवाली प्रभारी अमरदीप, अतर सिंह, नरेश शर्मा और महिला पुलिसकर्मियों के साथ बच्चा पार्क से अभियान की शुरूआत की गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष नवरात्र के पहले दिन मिशन शक्ति अभियान शुरू किया था। इसका उद्देश्य बेटियों और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा दिलाना है। जिले में यह अभियान पूरे 100 दिन तक चलेगा। इसमें जिले के हर थाने से दो महिला पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई गई है।
निर्धारित टीमें शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग करने के साथ ही आत्मरक्षा और बचाव के लिए जागरूक भी करेंगी। छात्राओं से कहा कि वे मनचलों या छेड़छाड़ करने वालों से घबराएं नहीं बल्कि सतर्क रहकर पुलिस की मदद लें। पुलिस टीमें सिविल ड्रेस में भी निगरानी करेगी ताकि असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जा सके।