भाई का दावा : आत्महत्या का प्रयास नहीं कर सकती पिंकी
पिंकी के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि बहन पर हमला हुआ है। पुलिस दावा कर रही है कि चार घंटे की फुटेज खंगाली जा रही है। अमित की खुदकुशी के बाद पिंकी पर हमले के दौरान तस्वीर साफ नहीं है। हमला हुआ या उसने खुद किया, इसका राज जल्द खुल जाएगा। फुटेज और अमित का मोबाइल जांच के लिए निवाड़ी स्थित फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा।
इंस्पेक्टर ने पिंकी के भाई मोहित से फोन पर बात की। इसमें मोहित ने दावा किया कि उसकी बहन सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और कई देशों में यात्रा कर चुकी है। वह आत्महत्या के प्रयास जैसा घिनौना काम नहीं कर सकती।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: बेटे को पुलिस हिरासत में लेने पर हत्यारोपी पिता ने जहर खाकर दी जान, मचा हड़कंप
दोनों हाथ की नस काटना, गले पर दो बार कटर से वार करना व माथे पर चोट लगने से अंदेशा है कि किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा घटना की है। यू-ट्यूब और गूगल पर भी उसने सर्च किया है कि अभी तक खुदकुशी के प्रयास में इस तरह के घटना नहीं दिखी गई। मोहित ने तहरीर दी है कि जांच के बाद कार्रवाई करें। मेरी अमित बंसल के परिवार के साथ भी पूरी संवेदना है। दोनों एक ही परिवार हैं, मामले की निष्पक्ष जांच हो।
टीम ने किया बयानों का विश्लेषण
एसआईटी ने दोनों परिवारों के बयान लेने के बाद विश्लेषण किया। जिसमें दोनों ने बगैर नाम लिए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। पुलिस का दावा है कि अमित बंसल के परिवार के बयान में दंपती के बीच का विवाद निकलकर सामने आया। दोनों में विवाद क्या था, इसकी खुलासा मोबाइल की सीडीआर भी कर सकता है। पुलिस की जांच में अभी इस घटना के पीछे का राज नहीं खुला है।
बेटा दुनिया से चला गया और पुत्रवधू जिंदगी से लड़ रही
शास्त्रीनगर स्थित अमित बंसल के मकान पर लोगों की आवाजाही जारी है। उनके पिता रामकिशन मिलनसार हैं। परिवार को सांत्वना देने के लिए किठौर से ज्यादा लोग आ रहे है। रामकिशन से हर कोई पूछ रहा है कि आखिर बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया। वह कहते हैं कि बेटा दुनिया से चला गया और पुत्रवधू जिंदगी व मौत के बीच लड़ रही है। बेटी और दामाद पुत्रवधू को देखने के लिए नोएडा गए हैं। अब पोती इक्कावीरा ही मेरा सहारा है।
अमित-पिंकी और परिवार की सीडीआर निकाली
मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते पुलिस तकनीकी तरीके से भी सुबूत तलाशने में लगी है। सर्विलांस टीम ने अमित, पिंकी व परिवार के लोगों के मोबाइल की सीडीआर निकाली। पुलिस इसकी मॉनीटरिंग कर रही है। सीडीआर में कुछ बातें सामने आई हैं। इसे छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस स्थानीय लोगों से भी दंपती के बारे में मौखिक जानकारी ले रही है।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: होटल में छापा, कमरों से पकड़े गए 26 युवक-युवतियां, पड़ोसी महिला को लेकर पहुंचा था 56 साल का व्यक्ति
फोन में कैद हो सकते हैं अहम सबूत
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर एक टिशु पेपर मिला है, जिस पर अमित ने लिखा है कि फोन के नोट्स रख लेना, मुझे माफ करना आप सब। फोरेंसिक की टीम ने उसे कब्जे में लिया और जांच शुरू की। पुलिस को अंदेशा कि अमित के मोबाइल में मौत का राज हो सकता है। लेकिन उसका अभी लॉक लगा हुआ है। बेटे की मौत के बाद रामकिशन बंसल टूट गए हैं और कुछ भी नहीं कह पा रहे हैं।
आईपीएस रिश्तेदार, फूंक-फूंककर कदम रख रही पुलिस
अमित बंसल आत्महत्या मामले ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। मामला आईपीएस के रिश्तेदार का होने के कारण पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है। उद्यमी रामकिशन बंसल की बड़ी बेटी की शादी आईपीएस नीरज गर्ग से हुई थी। वह मूलरूप से गाजियाबाद के बताए जा रहे हैं, वर्तमान में केरल में डीआईजी के पद पर तैनात हैं। उनका एक घर नौचंदी थाना क्षेत्र में भी बताया जा रहा है।