घर के बाहर खड़ी ट्रॉली चोरी, चोर कैमरे में कैद
मोदीपुरम में पल्हैड़ा निवासी फुरकान ने बताया कि उसकी ट्रॉली घर के बाहर खड़ी थी। बृहस्पतिवार देर रात ट्रैक्टर सवार उसके घर के बाहर पहुंचे और ट्रॉली को अपने ट्रैक्टर से जोड़कर चोरी कर ले गए। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शुक्रवार को फुरकान ने पल्लवपुरम थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
घर के बाहर से किशोरी संदिग्ध हालात में लापता
मेरठ में इंचौली थाना क्षेत्र में एक दिन पहले घर के बाहर कूड़ा फेंकने गई किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई। शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस उनकी कोई मदद नहीं कर रही है। एक महीने पहले उसकी बड़ी बेटी लापता हो गई थी। उसे ले जाने वालों ही छोटी बेटी को लापता किया है। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है। अपहरण का मामला नहीं है।
शादाब ने शिवा बनकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया
शामली में झिंझाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती को मेरठ के हर्रा के रहने वाले शादाब नाम के युवक ने फेसबुक पर शिवा नाम की आईडी बनाकर प्रेम जाल में फंसा लिया। युवती ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पूर्व ही उसका संपर्क मेरठ के हर्रा निवासी एक युवक से फेसबुक पर हुआ। युवक ने शिवा नाम से आईडी बनाई हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद प्रेम प्रसंग भी शुरू हो गया। मगर उसे पता चला कि जिससे वह बात कर रही है वह शिवा नहीं शादाब है तो उसने युवक से बात करने से इन्कार कर दिया। एसपी के निर्देश पर हर्रा निवासी शादाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार करेगी।
ट्रक से चोरी सामान के साथ मेरठ के दो आरोपी पकड़े
साहिबाबाद से परचून का सामान भरकर मधुबनी बिहार जा रहे ट्रक का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने मेरठ के आरोपी फरमूद निवासी जाकिर काॅलोनी, लोहियानगर और शाहिद निवासी पीपली खेड़ा थाना लोहियानगर को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों से करीब 20 लाख की कीमत के 400 में से 170 सामान के नग बरामद किए हैं। दोनों ट्रक चालक के रिश्तेदार हैं। ट्रक चालक सहित दो आरोपी अब भी फरार हैं। घटना की रिपोर्ट गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र स्थित मैसर्स गोल्डन रोडवेज एंड लाजिस्टक प्रालि कंपनी के डायरेक्टर मयंक प्रताप सिंह ने दर्ज कराई थी।
परिवार परामर्श केंद्र में मारपीट, शांति भंग में चालान
परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के लिए आए पति-पत्नी पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। सिविल लाइन पुलिस ने दोनो पक्षों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया। फिटकरी निवासी आबिदा की शादी चार वर्ष पहले जाकिर कालोनी निवासी अयाज से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में विवाद रहने लगा। इस बीच एक बच्चे ने भी उनके घर में जन्म लिया। युवती काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। पुलिस से शिकायत के बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र में चल रहा है। शुक्रवार को भी अयाज और आबिदा पक्ष महिला थाने में वार्ता के लिए बुलाए गए।
दो बदमाश पकड़े, कई वारदात का खुलासा
मेरठ में परतापुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित आरएएफ कट से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाश डिफेंस कुंज और रिठानी में हुई चोरी की वारदातों में शामिल थे। दोनों की निशानदेही पर लाखों के जेवरात के साथ नकदी बरामद की गई है। एक बदमाश पर विभिन्न थानों में 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। परतापुर इंस्पेक्टर जयकरण सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश अंकित पुत्र श्याम सिंह निवासी लिसाड़ी गेट व पंकज पुत्र बिजेंद्र निवासी आलमगीरपुर थाना रोहटा हैं। दोनों ने एक साल पहले घाट रोड स्थित डिफेंस कुंज निवासी गुरजीत सिंह के मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी किए थे।
यह भी पढ़ें: न कांपे हाथ न दहला कलेजा: बेटी चीखती रही पर पिता काटता रहा गर्दन, नहीं पसीजा दिल, कमरे का मंजर देख लोग सन्न
टेंपों में मारी टक्कर, कार्रवाई की मांग
मेरठ में मलियाना के जसवंत नगर के रहने वाले हीरालाल ने बताया कि 24 नवंबर को परिवार के जगपाल, पूनम, सोहनपाल, कृष्णा, प्रिंस रोना, ऊषा, सचिन व बच्चे रिश्तेदारी में ग्राम भवी जानी में शामिल होने के लिए गए थे। गांव भवी के मुख्य मार्ग पर घर आने के लिए टैंपो पर बैठने लगे। तभी मोदीनगर रोड की तरफ से आ रही एक सैन्ट्रो कार ने टक्कर मार दी। जिसमें जगपाल, पूनम, सोहनपाल, रीना, कृष्णा, प्रिंस, ऊषा, सचिन को चोटें आईं। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग जानी पुलिस से की है।
यह भी पढ़ें: ऑनर किलिंग: पिता बोला- इज्जत की खातिर मार डाला, गांव में हो रही थी बदनामी, वारदात से कांप उठा हर किसी का कलेजा