युवक पर हमला करने वालों पर कार्रवाई नहीं
कंकरखेड़ा में हाईवे स्थित पठानपुरा गांव निवासी सनी ने बुधवार को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि वह तीन दिन पूर्व हाईवे पर वंडर सिटी के पास में अपने दोस्त के साथ शाम को घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर उसके साथ अभद्रता की। तमंचे की बट और लाठी डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। साथी ने भागकर किसी तरह जान बचाई। भीड़ को आता देख हमलावर भाग गए। उसने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बच्चों के विवाद में महिलाएं भिड़ीं, पथराव
मेरठ में लिसाड़ी गेट थाने क्षेत्र के विकासपुरी में बच्चों के विवाद को लेकर महिलाओं में मारपीट हो गई। इस दौरान पथराव भी हुआ। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। विकासपुरी में किराए के मकान में रहने वाली रेशमा व शमा के बच्चों में मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्ष की महिलाओं में विवाद बढ़ गया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और महिलाओं को शांत कराया।
यह भी पढ़ें: UP ATS का खुलासा: बांग्लादेशियों को भारत में बसा रहे थे तीन आरोपी, विदेश से 20 करोड़ रुपये की फंडिंग भी हुई
गांजा तस्करों ने दिव्यांग को पीटा
मेरठ में लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन में गांजा तस्करों ने एक दिव्यांग से मारपीट की। पीड़ित दिलशाद ने तहरीर देकर बताया कि पास के रहने वाले गांजा तस्कर दीनू व आसिफ उस पर गांजा बेचने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर बृहस्पतिवार उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर आए लोगों ने उसे बचाया। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: होश उड़ा देगा कब्रिस्तान का ये मंजर, शवों से सिर मिले गायब, डर के साये में पूरा गांव