मटौरा में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव
- भाई ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। थाना क्षेत्र के गांव मटौरा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों और पुलिस को सूचना दिए बिना ही ससुराल वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। विवाहिता के भाई की सूचना पर पुलिस श्मशान घाट पहुंची और पति को हिरासत में लिया है।
मटौरा निवासी विवाहिता की बच्ची स्कूल से घर पहुंची तो मां को फंदे से लटका देखा। उसके शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा। गांव के किसी व्यक्ति ने महिला के भाई को फोन पर घटना की जानकारी दी। भाई ने थाना पुलिस को फोन कर बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला परिवार के लोग शव का अंतिम संस्कार करने चले गए हैं। जब तक पुलिस श्मशान घाट पहुंची, शव जल चुका था। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणोें के अनुसार विवाहिता ने सात वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी दो बेटियां हैं। दरोगा अवधेश कुमार ने बताया कि पति को हिरासत में लिया है। परिजनों की तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
----------