यूक्रेन में बढ़ रहे तनाव का खामियाजा भारतीय छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। सामान्य दिनों में 25 हजार रुपये का टिकट इमरजेंसी में 59 हजार रुपये में बुक कराना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों ने 27 फरवरी को वतन वापसी के लिए टिकट बुक कराए हैं।
मुजफ्फरनगर में चरथावल के नंगला राई निवासी एमबीबीएस का छात्र अमन यूक्रेन के डैनिलो हैलिट्स्की ल्विव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र है। अमन ने बताया कि यूक्रेन और रूस के बीच तनाव बढऩे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों के सुझाव पर वापसी का टिकट बुक करा रहे हैं। लेकिन टिकट पर महंगाई की मार है।
सामान्य दिनों में जो टिकट सिर्फ 25 हजार रुपये में बुक होता था, इन दिनों वह 59 हजार रुपये में मिल रहा है। यूक्रेन की ही एयरलाइंस कंपनी टिकट बुक कर रही है। इमरजेंसी के हालात में भारतीय छात्रों को दोगुने से अधिक रुपये यहां देने पड़ रहे हैं। यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या से भारतीय एमबीबीएस कर रहे हैं।
सीमा पर तनाव, ल्विव में पूरी तरह शांति
अमन ने बताया कि तनाव की स्थित बॉर्डर पर ही है, लेकिन शहर ल्विव में सब सामान्य है। लोग अपने रोजमर्रा के काम कर रहे हैं। यहां किसी तरह का तनाव नहीं दिख रहा है।
छह महीने पहले गया था अमन
अमन का कहना है कि भारतीय छात्रों के परिजनों की चिंता बढ़ रही है। रोजाना कॉल कर वतन वापसी के लिए कह रहे हैं, इसी वजह से अधिकतर भारतीय छात्रों ने वापसी का टिकट कराया है।
कीव से 27 फरवरी को वापसी
भारतीय छात्र 27 फरवरी को कीव शहर से फ्लाइट लेकर वापस आएंगे। कीव स्थित भारतीय दूतावास ने भी छात्रों को लेकर चिंता जताई है।