परतापुर में रैपिड रेल का निर्माण कराने वाली कंपनी ने सड़क पर गड्ढे खोद रखे हैं, जिसके चलते दिल्ली रोड पर दोनों तरफ ही ट्रैफिक बाधित हो रहा है। एसपी ट्रैफिक ने इसके बारे में डीएम को अवगत करने की बात कही है। 10 दिन तक समाधान के कोई आसार नजर नहीं आ रहे।
यहां अधिक लग रहा जाम
बेगमपुल से जाम लगना शुरू होता है। इसके बाद रोडवेज बस अड्डा, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा पर जाम की स्थिति बनती है। शारदा रोड पर भी इन दिनों अधिक परेशानी हो रही है। बहादुर मोटर के कट पर भी भीषण जाम लगता है, क्योंकि यहां पर टीनी नगर से ट्रक आते हैं। इसके बाद नवीन मंडी के पास वाले कट पर भी जाम की समस्या बनती हैं। यहां एक दो जगह तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, बाकी जगह व्यवस्था रामभरोसे ही रहती है।
दिल्ली रोड पर रैपिड रेल का और बागपत रोड पर मलियाना फ्लाईओवर का निर्माण जाम लगने की असली वजह है। अभी 10 दिन तक और लोगों को जाम से जूझना पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस दिल्ली रोड पर लगाई हुई है। - जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक