उधारी लौटाने के बहाने खुफिया विभाग के दरोगा को बुलाकर पीटा
मोदीनगर। थानांतर्गत दौसा बंजारपुर गांव में बीती रात पूर्व प्रधान व उसके साथियों ने उधारी लौटाने के बहाने खुफिया विभाग के दरोगा को बुलाकर पीटा। घायल दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पूर्व प्रधान सहित छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
दौसा बंजारपुर गांव निवासी रविंद्र कुमार यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर है। वर्तमान में रविंद्र की तैनाती मेरठ खुफिया विभाग में है। बताया गया कि रविंद्र के छोटे भाई आशीष की सड़क हादसे में कुछ समय पहले मौत हो गई थी। आशीष ने गांव के ही एक व्यक्ति को लिखित में कई लाख रुपये उधार दिए हुए थे। आशीष के लेनदेन की जानकारी परिजनों को भी थी। आशीष की मौत के बाद रविन्द्र उक्त व्यक्ति से कर्जा लौटाने के लिए तकादा कर रहें थे। जिसके बाद उन्हें कुछ रुपये लौटा दिए गए। शेष रकम देने में आरोपी आनाकानी करने लगा। रविन्द्र उस पर बराबर तकादा करते रहें। बताया कि मंगलवार रात बकाया राशि लौटाने के बहाने आरोपियों ने रविन्द्र को एकांत स्थान पर बुला लिया गया। आरोप है कि एक पूर्व प्रधान व उसके कई साथियों ने मिलकर रविन्द्र पर हमला बोल दिया और उन्हें पीटकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल रविन्द्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं एसएचओ मुनेन्द्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर सुनील, मुन्नी , हर्षित ,सागर, उमंग तथा श्रवण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।