जिला कारागार को मिला आईएसओ प्रमाण पत्र
मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार को बेहतर सुविधा और रख-रखाव के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (आईएसओ) का प्रमाण पत्र मिला है। प्रदेश की चुनिंदा कारागार को ही यह उपलब्धि हुई है। जिलाधिकारी के. बालाजी ने प्रमाण पत्र वरिष्ठ जेल अधीक्षक राकेश कुमार को सौंपा।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला कारागार के अंतर्गत ऐसे काफी कार्य कराए जा रहे हैं, जो इस कारागार को उच्च गुणवत्ता वाले कारागार में शामिल कराते हैं। जेल मैनुअल के निर्धारित मानक के अनुसार बंदियों को समस्त सुविधाएं दी जा रही हैं। व्यक्तित्व विकास के कार्य जैसे योगा कार्यक्रम व पेंटिंग के अलावा रोजगार परक प्रशिक्षण एवं कार्यशाला हो रही है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी विकास, खेलकूद से संबंधित कार्य, महिला बंदियों के सुधार कार्यक्रम, कारागार की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, शिक्षा का प्रबंध और कार्यालय का रख-रखाव बेहतर है। कार्यक्रम के दौरान जेलर राजेंद्र सिंह व मनीष कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. जावेद हुसैन, डिप्टी जेलर विकास कटियार, अरविंद कुमार, विक्रम सिंह यादव, नवीन यादव उपस्थित रहे।
जेल में कंप्यूटर सीखेंगी महिला बंदी
जिला कारागार में महिला बंदी भी अब कंप्यूटर चलाना सीखेंगी। इसके लिए शासन की ओर से तीन कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। बृहस्पतिवार को राज्यपाल का आगमन निरस्त होने के कारण जिलाधिकारी के. बालाजी जिला कारागार पहुंचे। महिला बैरकों के लिए तीन कंप्यूटर सिस्टम, एक म्यूजिक सिस्टम, सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन, सेनेटरी पैड डिस्ट्रॉयर मशीन और कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों के साथ मौजूद सात बच्चों के लिए कपड़े प्रदान किए गए। संवाद