21650 लोगों ने लगवाया टीका
सोमवार को 78 बूथों पर 21650 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। मंगलवार को 80 बूथों पर 30,950 लोगों को पहली और बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जा रही है।
टीकाकरण में मेरठ प्रदेश के टॉप 10 जिलों में
नियमित टीकाकरण में मेरठ जिला प्रदेश के टॉप टेन जनपदों में शामिल किया गया है। मातृ एवं मृत्यु दर को नियंत्रित रखने के लिए गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण किया जा रहा है। लेकिन प्रदेश में 30 अगस्त से पांच सितंबर तक कराए गए टीकाकरण में 10 जनपद ही ऐसे हैं, जिनमें या लक्ष्य से शत प्रतिशत टीकाकरण किया गया है, या फिर ज्यादा। इन जनपदों में मेरठ, हमीरपुर, संतकबीरनगर, बागपत, बस्ती, अमरोहा, कुशीनगर, रामपुर, महाराजगंज और बिजनौर जिले हैं। सबसे खराब प्रदर्शन फिरोजाबाद जिले का रहा है, यहां सिर्फ 26 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है।
हर रविवार लगेगा मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला
जिले में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का फिर से आयोजन किया जाएगा। 19 सितंबर से हर रविवार को शहरी व ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजन होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि मेेले का आयोजन सुबह 10 से शाम चार बजे तक किया जाएगा। मेले का आयोजन रविवार को होने के कारण कर्मचारियों को शुक्रवार और शनिवार को अवकाश दिया जाएगा। मेले के मुख्य द्वार पर ऑक्सीमीटर और थर्मल स्क्रीनिंग करने की व्यवस्था रहेगी। मेले में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। मेले में आधारभूत पैथोलॉजिकल जांच, विशेष रूप से रैपिड डायग्नोस्टिक किट आधारित जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।