प्रेम-प्रसंग में युवक और युवती सात फेरे लेने के बाद परिणय सूत्र में बंध गए। हिंदू रीति रिवाज से शादी समारोह मुजफ्फरनगर में संपन्न होने के बाद हंसी खुशी दुल्हन अपने पति के साथ ससुराल आ गई। शादी की खुशी में लड़के के घर गीत संगीत का माहौल चल रहा था। इस बीच नई नवेली दुल्हन ने भाई को एसएमएस करके बुलवाया। हालांकि एसएमएस करने का राज नहीं पता चल सका। इस पर उसका भाई डायल 100 पुलिस के साथ बहन के ससुराल पहुंच गया। दुल्हन अपने भाई के संग कोतवाली पहुंच गई। कोतवाली में तहरीर तो दी गई, लेकिन कार्रवाई से मना किया गया। पुलिस ने दुल्हन को भाई की सुपुर्दगी में देते हुए मायके भेज दिया। पुलिस ने कहा कि लड़की की मर्जी के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
बुढ़ाना क्षेत्र के एक युवक का मुजफ्फरनगर निवासी युवती से एक दशक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात गाजियाबाद में शादी समारोह में हुई थी। उस समय दोनों नाबालिग थे। मुलाकात दोस्ती में बदल गई। युवक व युवती दोनों आपस में दूर के रिश्तेदार भी हैं। दोनों प्रेमी युगल ने अपने-अपने परिवार वालों को शादी के लिए राजी कर लिया। 31 जनवरी को मुजफ्फरनगर में आयोजित एक बैंक्वट हॉल में शादी समारोह में दोनों परिणय सूत्र में बंध गए। एक फरवरी की सुबह पति के साथ दुल्हन अपनी ससुराल पहुंची। सुबह ससुराल पहुंची दुल्हन ने रस्म रिवाज पूरा करते हुए महिला संगीत में लीन हो गई। इसी दौरान कुछ घंटे बाद दुल्हन ने एसएमएस करके अपने भाई को ससुराल आने का संदेश भेजा। इस पर उसका भाई अपनी बहन की ससुराल पहुंच गया।