मुजफ्फरनगर शहर के मीनाक्षी चौक स्थित होटल पर जन्मदिन की पार्टी कर रहे युवकों द्वारा होटल संचालक के छोटे बेटे के चेहरे पर केक लगाने को लेकर हुए विवाद में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। दो थानों की फोर्स के साथ पहुंचे अफसरों ने स्थिति पर काबू पाते हुए घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
शहर के मीनाक्षी चौक पर नसीम चिकन सेंटर है, जहां शुक्रवार रात दूसरे समुदाय के कुछ युवक अपने एक साथी के जन्मदिन की पार्टी करने पहुंचे थे। उक्त युवकों ने होटल पर ही चिकन आदि खाने के साथ ही केक भी काटा। इसी दौरान एक युवक ने मजाक में होटल संचालक के छोटे बेटे के चेहरे पर केक लगा दिया, जिसका होटल संचालक ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते संघर्ष में तब्दील हो गया। जमकर मारपीट में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। आनन-फानन में अफसर सिविल लाइंस व शहर कोतवाली की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति पर काबू पाया।