फिर देखा व्यापारी हत्याकांड का क्राइमसीन
24 फरवरी को शास्त्रीनगर में हुई थी व्यापारी मोहित मदान की हत्या
एसओ नौचंदी व सीओ सिविल लाइन के बदलने पर नये अफसर पहुंचे जांच करने
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्र्रल मार्के ट में 24 फरवरी को डकैती के बाद किराना व्यापारी मोहित मदान की हत्या के मामले में शुक्रवार देरशाम सीओ सिविल लाइन और इंस्पेक्टर नौचंदी ने फिर क्राइम सीन देखा। पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल की। हत्याकांड में अभी तक पुलिस की थ्योरी उलझी हुई है।
हत्याकांड का खुलासा न होने पर बृहस्पतिवार रात एसओ नौचंदी रामकुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया था। वहीं सीओ सिविल लाइन अखिलेश भदौरिया को सर्किल से हटाकर सीओ ऑफिस बना दिया। सीओ पंकज सिंह को दूसरी बार सीओ सिविल लाइन बनाया गया है। वहीं इंस्पेक्टर नीरज सिंह को नौचंदी थाना प्रभारी बनाया गया है। सीओ पंकज सिंह नौचंदी पुलिस और क्राइम ब्रांच के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने परिवार के लोगों से पूछताछ की। सीओ का कहना है कि पूरा क्राइम सीन देख है। फोरेंसिक साक्ष्यों पर भी जांच की जा रही है। हत्या के बाद शव फंदे से लटकाया गया था। पुलिस को सेफ का लॉकर भी खुला मिला था। ऐसे में पुलिस रंजिश, पैसे का लेनदेन और एक अन्य बिंदु पर जांच कर रही है। शास्त्रीनगर एफ ब्लॉक में जिस जिम में मोहित जाते थे, वहां से दो कर्मचारी गायब हैं। पुलिस टीम जिम में भी पहुंची।