मेरठ। गंगानगर में हथियारों से लैस तीन बदमाशों को पुलिस ने सोमवार दोपहर दबोच लिया। तीनों बदमाश गंगानगर में एक मकान में छुपकर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि सुपारी लेकर बदमाश हत्या की वारदात करने आए थे। इस बदमाशों में एक हरियाणा का शूटर भी बताया गया है। पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमवार सुबह तीन बदमाश अभि, रोहिल निवासी हापुड़ व ललित निवासी हरियाणा चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी में जा रहे थे। गंगानगर स्थित डिवाइडर रोड के पास एसटीएफ या बाहरी जिले की पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार मिले हैं। इससे पहले गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचती कि पुलिस टीम उनको उठाकर ले गई। देर रात तक इसकी पुष्टि नहीं हुई कि आखिर इनको किसने पकड़ा है।
सूत्रों के अनुसार तीनों बदमाश शातिर हैं। जिन पर लूट, अपहरण के मुकदमे दर्ज हैं। वह किसी की हत्या करने के लिए गंगानगर में ठहरे हुए थे। इससे पहले भी गंगानगर के यशोदा कुंज में हथियारों से लैस बदमाशों के रुकने का मामला सामने आया था। वे बदमाश भी हत्या करने आए थे। जिसमें दो सगे भाई बदमाश पंजाब के निवासी थे, जोकि शातिर बदमाश बताए गए थे।
खास बातें:
- सुपारी लेकर हत्या करने आए थे बदमाश
- एक बदमाश हरियाणा का बताया गया