मेरठ/खरखौदा। हापुड़ रोड पर रविवार रात राख हुईं करीब 300 झोपड़ियों के मामले की जांच शुरू हो गई है। सोमवार दोपहर डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी मंजिल सैनी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। अवैध तरीके से यहां बस्ती बसाने के मामले में खेत मालिक सुहेब के खिलाफ खरखौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस की जांच में शार्ट सर्किट से आग लगना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार हापुड़ रोड पर हाजीपुर गांव निवासी मो. सुहेब ने करीब 15 साल से हापुड रोड पर खत्ते के पास अपनी जमीन पर सैकड़ों की संख्या में झोपड़ियां बनवा दीं। जहां पश्चिम बंगाल और आसाम के लोग यहां रहकर कूड़ा बीनने का काम करते हैं। इन झोपड़ियों में अवैध रूप से बिजली का प्रयोग किया जा रहा है। रविवार रात पास हि एक मंडप में शादी समारोह चल रहा था। मंडप के सामने झोपड़ियों में आग लगकर करीब 300 झोपड़ी जलकर राख हो गई थी।
खेत मालिक पर भड़कीं एसएसपी
डीएम व एसएसपी के पहुंचने पर खेत मालिक सुहेब व ग्राम प्रधान के नेतृत्व में लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पीड़ित लोग विवाह मंडप मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान एसएसपी ने पूछा कि किसकी परमिशन पर अवैध झोपड़ियां बसाई गईं। इस पर खेत मालिक और प्रधान चुप्पी साध गए। एसएसपी खेत मालिक पर भड़क गई और इंस्पेक्टर खरखौदा को उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि खेत मालिक सुहेब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। डीएम व एसएसपी ने मुगल गार्डन विवाह मंडप पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। जिसमें आतिशबाजी से आग लगने की बात सामने नहीं आयी।
बिजली चोरी की भनक नहीं
एसएसपी के अनुसार खेत मालिक ने पिछले 15 साल से इन लोगों को अवैध रूप से बस्ती बसाकर रख रखा है। यह क्षेत्र एमडीए के अधिकार क्षेत्र में आता है। एमडीए से भी कोई अनुमति नहीं ली गई। ये लोग अवैध तरीके से कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। लेकिन विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
इनका हुआ नुकसान
झोपड़ियों में आग से मोबीन हुसैन, साजुद्दीन, नासिर, कमरुद्दीन, नजरूल, मुस्तफा, इसूब अली, मोहिबुल हुसैन, सहदुल इस्लाम, मनरूद्ीन, सोबेश खान, हसन अली, जैरूल, अमीर अली, जलालुद्ीन, अलाउद्ीन, गनपति विसवास, मेहर अली, उस्मान अली, रियाजुद्ीन, चांद खां, जमालुद्ीन, समशुल इस्लाम, बसीरुद्ीन, मजीदुल, मोबीनउल, मोसीन, जहांगीर आदि को नुकसान होना बताया।
खास बातें:
हापुड़ रोड पर 300 झोपड़ियों में आग लगने का मामला
डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे, खेत मालिक पर केस दर्ज कराया
बिजली की लाइन में शार्ट सर्किट से आग लगना बताया गया कारण