गंगानगर। थाना इंचौली में आयोजित थाना दिवस पर एसएसपी राजेश पांडेय ने एक विधवा की शिकायत पर कार्रवाई न करने पर एसओ पंकज शर्मा को फटकार लगा दी। यहां तक कह दिया कि अगर इस महिला को कुछ हुआ तो मुकदमा तुम पर होगा। वहीं डीएम अनिल ढींगरा ने भी लेखपाल से महिला की शिकायत पर जमीन के दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए हैं।
गांव पबला निवासी शिरदारी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पति जिले सिंह की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी। गांव में ही उसके नाम 22 बीघा खेती की जमीन, एक प्लॉट व दो मकान हैं। आरोप है कि सारी संपत्ति पर उसके परिवार के लोगों ने कब्जा कर लिया। बीती 26 अप्रैल को उसका सामान जबरन गाड़ी में भरकर देदुआ निवासी बहन तेजकौर पत्नी सतवीर के यहां छोड़ आए। इसकी शिकायत थाने पहुंचकर की तो एसओ ने उसे दुत्कार कर भगा दिया। डीएम और एसएसपी ने मामला गंभीर बताते हुए जांच के बाद मुकदमा और कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं, दूसरा पक्ष भी शाम को एसएसपी से मिला।