मुजफ्फरनगर में 290 लोगों में हुई कोरोना की पुष्टि
मुजफ्फरनगर में सोमवार को जिले में 290 लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। सक्रिय मामले बढ़कर 707 पर पहुंच गए हैं। इनमें पांच साल से कम उम्र के 11 बच्चे भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग कांटेक्ट ट्रेसिंग कराने के कार्य में जुटा हुआ है।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि संक्रमण की जांच के लिए सोमवार को विभिन्न स्थानों पर 3419 लोगों की जांच कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर कांटेक्ट ट्रेसिंग करने का कार्य भी किया है। सोमवार को कुल 290 संक्रमण के केस सामने आए हैं, इनमें पहले संक्रमित मिल चुके लोगों के कांटेक्ट वाले 208 केस है। जाहिर है कि कोरोना संक्रमण की चेन लगातार बढ़ रही है। अब तक 31 हजार 584 कोरोना संक्रमण के केस मिल चुके हैं। दूसरी लहर में 269 लोगों की मौत हो गई थी।
बिना मास्क सड़कों पर घूम रहे लोग
रोजाना कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन लोग एहतियात बरतते नजर नहीं आ रहे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर बिना मास्क के ही लोग घूमते हुए दिखाई दिए। मास्क नहीं तो सामान नहीं के नियम का पालन भी नहीं हुआ।
शामली में दो चिकित्सकों समेत 145 और संक्रमित मिले
शामली जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। सीएचसी शामली और सीएचसी कांधला के दो चिकित्सक समेत 145 लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं। पूर्व में संक्रमित हुए 26 लोग ठीक हुए हैं। अब जिले में कोरोना के सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 384 हो गई है।
सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में 145 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें लगभग 35 महिलाएं और सात किशोर हैं। इनमें शामली के अलग-अलग मोहल्लों के करीब 60 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। सीएचसी शामली और सीएचसी कांधला के एक-एक चिकित्सक भी आरटीपीसीआर जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं। बरेली, यमुनानगर व बड़ौत के एक-एक और लोनी निवासी चार लोगों के शामली में हुए रेंडम सैंपल की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। गांव सिंभालका, बीनड़ा, झाड़खेड़ी, लिसाढ़, सिलावर, नोजल, खेड़ीकरमू, हिरहनवाड़ा, गाजीपुर, टांडा माजरा, गढ़ीपुख्ता व भैंसवाल में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी ने बताया कि जिले में दो चिकित्सक समेत 147 कोरोना संक्रमित मिले हैं और पूर्व में संक्रमित हुए 26 व्यक्ति ठीक हुए हैं। अब जिले में सक्रिय केस की संख्या 384 हो गई है।
सहारनपुर जिले में शिक्षकों और छात्रों सहित 133 कोरोना संक्रमित मिले
सहारनपुर जिले में कोरोना फिर से पैर पसार रहा है। सोमवार को शिक्षकों और छात्रों सहित 133 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनके साथ ही कोरोना की तीसरी लहर में जनपद में मिले संक्रमितों की संख्या बढ़कर 720 पर पहुंच गई है। सोमवार की शाम तक जनपद में 668 एक्टिव मरीज थे।
सोमवार को मिले कोरोना संक्रमितों में आईआईटी रुड़की के सहारनपुर परिसर का एक, ग्लोकल विश्वविद्यालय परिसर का एक, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज देवला की दो छात्राएं और एसएएम इंटर कॉलेज का एक शिक्षक संक्रमित मिला। इनके अलावा ड्रीम्स कॉलेज जनता रोड का एक और राजकीय मेडिकल कॉलेज के तीन लोग संक्रमित मिले। इनके अलावा नवीन नगर, गिल कॉलोनी, केशव नगर, टिकरोल नानौता, गोपाल नगर, महाजनान, एयर फोर्स स्टेशन परिसर, सरसावा, झबीरन, मिर्जापुर, रामपुर मनिहारान, सलेमपुर, दैदपुरा, साढ़ौली, घसौती, पठानपुरा, दिल्ली रोड, मदनविहार, टीचर कॉलोनी, रहमान कॉलोनी, साल्हापुर, शिव विहार, कमल कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, नवाबगंज चौक, बसंत विहार, चिलकाना रोड, चौधरी विहार, इशाकपुर, माधोनगर, गढ़ी मलूक, राणा प्रतापनगर, बापूजी नगर, पुलिस लाइन, नेचलगढ़, राघवपुरम, बेहट के मोहल्ला महाजनान, जीआरपी स्टेशन, गोल्डन पैलेस, न्यू आवास विकास, वैशाली नगर, सेतिया विहार, मिशन कंपाउंड, ब्रिजेश नगर, आरएन सिटी, मंदाकिनी विहार, विनोद विहार, गंगोह, शिवाजी नगर, संतनगर, पंत विहार, मोहल्ला काजी, साउथ सिटी, राम प्रताप कॉलोनी, बीदपुर, डिफेंस कॉलोनी, चर्च कंपाउंड आदि में भी संक्रमित मिले हैं।
शहर में 111 कंटेनमेंट जोन
अभी तक सहारनपुर शहर में 111 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि सोमवार को मिले संक्रमितों की सूची आ गई है। जो भी शहर के रहने वाले हैं उनके मोहल्लों को भी कंटेनमेंट जोन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिजनौर जिले में मिले 120 संक्रमित, जिला मुख्यालय बना कोरोना का केंद्र
बिजनौर में सोमवार को कोरोना के जिले में कोरोना के 120 मरीज मिले हैं। जिला मुख्यालय जिले में कोरोना का केंद्र बन गया है। करीब एक तिहाई केस पुलिस लाइन के हैं। वहां पर 37 मरीज मिले हैं। दो साल के बच्चे को भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। ज्यादातर मरीज जिला मुख्यालय और मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक के हैं। राहत देने वाली एक खबर अब भी यही है कि किसी को भी अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया है। सभी की तबीयत सामान्य ही है।
रविवार को जिले में कोरोना के 31 मरीज मिले थे। सोमवार को ये आंकड़ा तीन अंकों को पार कर गया और 120 मरीज सोमवार को मिले हैं। इनमे से काफी मरीज ऐसे हैं जो बाहर से आए हैं या इनके परिचित हाल ही में संक्रमित मिले थे। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में इन्हें कोरोना की पुष्टि हुई है। कोरोना के प्रति लापरवाही युवाओं व किशोरों को भारी पड़ रही है। 120 मरीजों में से केवल 17 लोगों की ही आयु 45 साल से अधिक है। 16 संक्रमितों की आयु 20 साल से कम है। इनमे दो साल का एक बच्चा भी है। पुलिस लाइन में कोरोना का जबरदस्त संक्रमण मिला है। यहां पर 37 मरीज मिले हैं। इनमें पुलिसकर्मियों के अलावा उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। मरीजों में से कुछ में ही जुकाम के लक्षण हैं। किसी की तबीयत इतनी खराब नहीं हुई है कि उसे अस्पताल में भर्ती किया जाए। अब इन सबके कॉन्टेक्ट में आए लोगों के सैम्पल लिए जाएंगे। जिले में अब एक्टिव भी अब बढ़कर 203 हो गए हैं।
बागपत में तहसीलदार व एनिमल रिसर्च सेंटर के निदेशक संक्रमित मिले
बागपत में कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को बागपत तहसीलदार, एनिमल रिसर्च सेंटर के निदेशक और उनकी पांच वर्षीय पुत्री के अतिरिक्त फुलेरा में तीन वर्ष की बच्ची, स्वास्थ्यकर्मी और माध्यमिक शिक्षा के वित्त एवं लेखाधिकारी समेत 15 संक्रमित मिले हैं। टीबी की मरीज में संक्रमण की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है, जबकि अन्य सभी का होम आइसोलेशन में उपचार किया जा रहा है। जिले में अब 306 संक्रमित और 299 सक्रिय केस हैं।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सोमवार को सरूरपुर कलां सीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट, बागपत सीएचसी की दो एएनएम संक्रमित मिली हैं। पुराना कस्बा की टीबी की मरीज 60 वर्षीय महिला भी संक्रमित मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है। इनके अतिरिक्त बड़ौत क्षेत्र के गूंगाखेड़ी व लौहड्डा में एक-एक युवक, गांधी नगर व आवास विकास कॉलोनी में एक-एक महिला के अतिरिक्त गांधी रोड, शताब्दी नगर व रामबाग कॉलोनी में एक-एक संक्रमित मिला है। खेकड़ा के फुलेरा गांव में एक तीन वर्षीय बच्ची, सांकरौद में दिल्ली में नौकरी करने वाले दो युवक, हरचंदपुर गांव में तीन मजदूर, हसनपुर मंसूरी के दो युवक व खेकड़ा नगर का एक युवक संक्रमित मिला है।