तीन बैंकों की शाखाएं, न गार्ड न और न पुलिस
मेरठ। दोपहर 3:35 बजे थे। भीड़भाड़ वाले आपका बाजार में लोगों की आवाजाही थी। बाजार में ना सिक्योरिटी थी और ना पुलिस। बैंक के भूतल पर सीढ़ी के सामने व्यापारी ने स्कूटी रोकी, तभी एक बदमाश दौड़कर सीढ़ी पर चढ़ गया। बदमाश के पीछे ही व्यापारी नोटों से भरा बैग लेकर जैसे ही सीढ़ी के पहले पायदान पर चढ़े, तभी दूसरा बदमाश दौड़कर पीछे से आया और सिर में लोहे की रॉड मार दी।
आपका बाजार में तीन बैंकों की शाखाएं हैं, लेकिन सिक्योरिटी नहीं है। बुधवार को बदमाशों ने 20 सेकेंड में व्यापारी हर्ष गुप्ता से 2.15 लाख रुपये लूट लिये और आसानी से भाग गए। हर्ष ने बताया कि एक बदमाश बोला कि पर्ची ले ली क्या। यह सुनकर हर्ष बोले कि कैसे पर्ची। तभी पीछे से सिर पर प्रहार हो गया। सिर में रॉड लगने के बाद भी शोर मचाया था, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। वह खुद ही जमीन पर पड़े 85 हजार रुपये लेकर बैंक में प्रथम तल पर पहुंचे। तब वहां का गार्ड नीचे आया, लेकिन बदमाश भाग चुके थे। बदमाशों ने फायरिंग की है, इसकी आवाज उसने सुनी। लेकिन गार्ड ने जवाबी फायरिंग की, इसकी जानकारी उसे नहीं है।
सटीक रेकी की बाद वारदात
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ली, जिसमें दोनों बदमाश कैद हो गए हैं। पूरा घटनाक्रम कैमरे में दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि रेकी के बाद वारदात की गई है। पहले बदमाशों ने व्यापारी का पीछा किया और फिर उसे अकेला देखकर हमला कर दिया।
फिर पुलिस ने लकीर पीटी
घटना के बाद लालकुर्ती, सदर बाजार पुलिस, सर्विलांस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं मिला। पुलिस ने दोनों बदमाशों का पता लगाने के लिये घटनास्थल से लेकर बुढ़ाना गेट तक जांच करने की बात कही है।
प्रथम तल पर बैंक, गार्ड ने चलाई गोली
जम्मू एंड कश्मीर बैंक शाखा के चीफ मैनेजर जेके बलोरिया का कहना है कि घटना बैंक के नीचे भूतल पर हुई है। बैंक की शाखा प्रथम तल पर है, जहां सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे। गार्ड ने हवाई फायरिंग भी की थी। सुरक्षा के मद्देनजर और ध्यान दिया जाएगा। जो कमी है, उसे पूरा करेंगे।
वर्जन
लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्राइम ब्रांच ने बदमाशों की पहचान कराने का प्रयास किया है। वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।
- प्रभाकर चौधरी, एसएसपी