इकबाल कबाड़ी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई टली
मेरठ। इकबाल कबाड़ी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई बुधवार को स्थगित हो गई। दरअसल पुलिस ने इकबाल के खंडहर पड़े मकान का कुर्की का आदेश ले लिया, जबकि आलीशान कोठी कुर्क का आदेश नहीं लिया गया, जिसके चलते कार्रवाई टल गई। अब दूसरे मकान का आदेश लेने के बाद पुलिस जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी।
इकबाल कबाड़ी के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर में मुकदमा दर्ज किया था। जिसके बाद अवैध रूप से धन अर्जित करके बनाई गई संपत्ति के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है। पुलिस हाजी गल्ला के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। अब इकबाल कबाड़ी का नंबर है। इकबाल की करीब सात करोड़ की संपत्ति जब्त होनी है। लालकुर्ती पुलिस ने इकबाल के खंडहर मकान के जब्तीकरण का आदेश ले लिया, जबकि कोठी का नहीं ले पाई।
विवेचक इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह ने बताया कि इकबाल कबाड़ी की संपत्ति कुर्क की कार्रवाई अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दी गई है। अभी दूसरे मकान का भी आर्डर आना बाकी है, दोनो मकानों को एक साथ कुर्क किया जाएगा।