पार्टी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश से जुड़ी सीटों पर अगले महीने विमर्श की योजना बनाई है। हालांकि शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि कैसरगंज से बृजभूषण शरण सिंह की जगह कोई दूसरा चेहरा मैदान में हो।
पार्टी सूत्र के मुताबिक पार्टी सुल्तानपुर सीट पर मेनका गांधी को दोबारा मौका देने के लिए तैयार है। गांधी ने इसी हफ्ते राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की थी। हालांकि पार्टी नेतृत्व पीलीभीत सीट से वरुण गांधी को चुनाव लड़ाने के पक्ष में नहीं है।
पीएम मोदी की अहम भूमिका
दो दिन पूर्व हुई राज्य कोर कमेटी की बैठक में तय पैनल पर पीएम मोदी से बातचीत हुई। उन्होंने खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश से जुड़ी सीटों पर अगले महीने चर्चा करने की बात कही है।
हालांकि शीर्ष नेतृत्व कैसरगंज से बृजभूषण की जगह किसी और को लड़ाना चाहता है। दरअसल भाजपा इस चुनाव में महिला सशक्तीकरण को देशभर में बड़ा मुद्दा बना रही है। इसी मुद्दे के सहारे संदेशखाली की घटना के मामले में टीएमसी बुरी तरह घिर गई है।
यह भी पढ़ें: Baghpat: युवक ने थाने में निगला जहरीला पदार्थ, लूट के मामले में पूछताछ के लिए लाई थी पुलिस
सपा के दावेदार लखनऊ में, प्रत्याशी आज मेरठ में
मेरठ-हापुड़ लोकसभा से सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह बृहस्पतिवार को मेरठ आएंगे। वह पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और इसके बाद मीडिया से भी मुखातिब होंगे। वहीं, दूसरी तरफ सपा के दावेदार टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं और लखनऊ में ही डटे हैं।
यहां से सरधना विधायक अतुल प्रधान और हस्तिनापुर के पूर्व विधायक योगेश वर्मा प्रमुख दावेदारों में हैं। अब दावा किया जा रहा सपा हाईकमान की नजर भाजपा के टिकट पर है। भाजपा ने अभी तक टिकट घोषित नहीं किया है। इसके अलावा सपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसका तमाम हिंदूवादी संगठन विरोध कर रहे हैं।