ब्लॉक प्रमुख के लिए भाजपा और सपा रहेंगी आमने-सामने
खरखौदा। पंचायत चुनाव के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के लिए जोड़-तोड़ होना शुरू हो गया है। कोरोना महामारी को देखते हुए फिलहाल चुनाव टाल दिया गया है फिर भी दावेदार बीडीसी सदस्यों की नब्ज टटोलने में लगे हैं।
पिछली योजना में खरखौदा ब्लॉक की सीट सपा के खाते में रही थी, लेकिन इस बार भाजपा व सपा दोनों आमने-सामने हैं। दोनों के समर्थित प्रत्याशी अपनी-अपनी दावेदारी जता रहे हैं। जहां अभी तक भाजपा के समर्थन में गांव खंदावली निवासी राजीव त्यागी गांव कौल निवासी पुनीत त्यागी अपनी-अपनी दावेदारी बता रहे हैं। वहीं, सपा समर्थित प्रत्याशी ओमपाल गुर्जर फिर से अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। पुनीत त्यागी गांव अतराड़ा से व उसकी मां कमलेश गांव मुंडाली से पहले ही निर्विरोध चुन ली गई हैं। ओमपाल गुर्जर अपने समाज के साथ मुस्लिम समाज की 25 वोटों पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। सभी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मन टटोलना भी शुरू कर दिया है। वहीं, दोनों भाजपा समर्थित संभावित प्रत्याशी भी मुस्लिम समाज की वोटों को अपने साथ होना बताते हुए अपनी दावेदारी मजबूत बता रहे हैं।